यहां बाकरपुर गांव में गांव लखनोरा को जाने वाले कच्चे गोहर में गांव बड़ागांव निवासी सरकारी अध्यापक और सरपंच पति सैशन जज को हमलावरों ने गोलियों से छलनी कर दिया। पुलिस की कार्यप्रणाली से गुस्साए ग्रामीणों ने मोर्चरी हाउस का ताला तोड़कर शव को अपने कब्जे में ले लिया और नारायणगढ़-अंबाला हाईवे पर स्थित अग्रसेन चौक के पास रखकर रोड को जाम कर दिया।
विज्ञापन
ग्रामीणों और परिजनों ने पूर्व सरपंच समेत आरोपियों की गिरफ्तारी और राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान राज्यमंत्री के खिलाफ नारे भी लगे।
उनका आरोप था कि आरोपियों ने पहले कई बार उनके साथ मारपीट की थी, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस उन्हें ही दबाती रही है। एसपी और समाजसेवी द्वारा कई राउंड बातचीत करने के बाद भी वे नहीं माने। पुलिस द्वारा पूर्व सरपंच समेत 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया तो छह घंटे बाद लोगों ने रोड से हटे। हत्या की वारदात सोमवार सुबह आठ बजे हुई।
विज्ञापन
हमलावरों ने पीछे से किया फायर
रोते-बिलखते मृतक के परिजन
बताया जा रहा है कि बड़ागांव निवासी सैशन जज नारायणगढ़ के गांव गणोली के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में अध्यापक थे। वह सुबह गांव से अजामपुर वाया बाकरपुर से होते हुए निकले थे, लेकिन हमलावर भी उनके पीछे लग गए थे। वह जैसे ही गांव बाकरपुर से कच्चे रास्ते में पहुंचे तो हमलावरों ने पहले पीछे से फायर किया, जिस कारण वह बाइक सहित धान लगे खेत के कीचड़ में गिर गए।
इसके बाद हमलावरों ने उनके सीने में ताबड़तोड़ सात गोलियां दाग दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण और स्कूल के अध्यापक मौके पर पहुंचे। तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। हत्या की सूचना पाकर डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले कर नारायणगढ़ के मोर्चरी में रखवा दिया।
पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने पर ग्रामीणों और परिजनों ने मोर्चरी हाउस का ताला तोड़कर शव अपने कब्जे में ले लिया। गाड़ी में डालकर नारायणगढ़ के अग्रसेन चौक पर रखकर रोड को जाम कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने पूर्व सरपंच और उसके साथियों को राज्यमंत्री नायब सिंह द्वारा संरक्षण देने का आरोप लगाया। इस दौरान लोगों ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की।
बड़ागांव के पूर्व सरपंच सुरजीत राणा, कुलदीप, वीरेंद्र, मनीष, चौहल सिंह, टीटू राणा, मायाराम, रामकर्ण निवासी बड़ागांव, बडागढ़ के सरपंच अनिल समेत 11 लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 148, 149, 302, 120बी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अध्यापक की मौत के मामले में 11 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी। अभिषेक जोरवाल, एसपी, अंबाला