पुलिस ने कर एवं आबकारी विभाग के ईटीओ की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ टैक्स चोरी करने के आरोप में केस दर्ज किया है। दोनों आरोपी जीरकपुर में फर्जी कंपनी बनाकर लुधियाना से हौजरी का सामान गैर-कानूनी ढंग से दिल्ली पहुंचाते थे। पुलिस की जांच में इस गोरखधंधे में कई और बड़े नाम सामने आने की संभावना है।
जीरकपुर थाना प्रभारी दीपइंद्र सिंह बराड़ ने बताया कार एवं आबकारी विभाग के ईटीओ सिमरजीत सिंह बराड़ ने शिकायत में बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि राजिंदर सिंह उर्फ लवली निवासी अंबाला और अवतार शर्मा निवासी गोबिंदगढ़ जिला फतेहगढ़ साहिब ट्रकों से लुधियाना से हौजरी का सामान बिना टैक्स दिए दिल्ली भेजते हैं।
दोनों आरोपी पिछले लंबे समय से इस गोरखधंधे को चला रहे हैं। आरोप हैै कि दोनों ने लाखों रुपये का टैक्स चोरी करके विभाग व सरकार को चूना लगाया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि कंपनी फर्जी पते पर शुरू की थी। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपी लुधियाना से फर्जी कंपनी का बिल कटवाकर सामान को जीरकपुर लाते थे।
इसके बाद जीरकपुर से चोर रास्तों का इस्तेमाल कर सामान को दिल्ली पहुंचा देते थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, जीरकपुर से दिल्ली के रास्ते में पड़ने वाले सेल्स टैक्स बैरियर पर भी टैक्स जमा न करवाते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।