आमतौर पर शादी में 7 फेरे होते हैं, लेकिन जो जोड़ा शादी में 8वां फेरा लेगा, सरकार उसे प्रोत्साहन राशि देगी। ये घोषणा हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पंचकूला में आयोजित सेमिनार में हिस्सा लेते हुए की।
उन्होंने कहा कि यह फेरा दरअसल में नव दम्पति के लिए शपथ होगी कि वे कन्या भ्रूणहत्या नहीं करेंगे, महिलाओं का सम्मान करेंगे और महिलाओं की सुरक्षा में सहयोग देंगे। मुख्यमंत्री ने ये अनूठा ऐलान असमान लिंगानुपात की समस्या से जूझ रहे हरियाणा को इस स्थिति से निकालने के लिए किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बकायदा इसके लिए अभियान शुरू होगा। उसके लिए पूरी योजना तैयार होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के 12 जिलों में लिंगानुपात कम है, उसे बढ़ाने के लिए कई कार्यक्रम चल रहे हैं। भ्रूण हत्या, बाल विवाह रोकने, बेटियों की असुरक्षा दूर करने आदि के लिए सरकार ने पहली बेटी पर ही 21 हजार रुपये राशि देनी शुरू की है।
यह राशि दूसरी व तीसरी बेटी को भी मिलेगी, क्योंकि हरियाणा में लड़कियों का औसत कम है। सीएम ने कहा कि किसानों के नुकसान के बारे में जायजा लिया जा रहा है और सरकार उन्हें पूरा मुआवजा देगी।