हरियाणा के रोहतक में शादी करने के लिए लड़के वालों ने पढ़ाई छोड़ने की शर्त रखी तो एलएलबी की छात्रा ने जहरीला पदार्थ गटक लिया। गंभीर हालत में पीजीआई में दाखिल कराई गई जींद की रहने वाली इस छात्रा की कुछ दिन पहले ही आर्मी में बतौर एजुकेशन हवलदार तैनात एक युवक के साथ मंगनी हुई थी।
आरोप है कि मंगनी के बाद लड़के वालों ने अचानक पढ़ाई छोड़ने की शर्त लगा दी। इससे परेशान होकर छात्रा ने यह कदम उठाया। हालांकि अब उसकी हालत में सुधार है। मामले को लेकर दोनों पक्षों में रविवार देरशाम तक समझौते का प्रयास चलता रहा। दरअसल जींद निवासी एक युवती रोहतक के वैश्य कॉलेज में एलएलबी प्रथम वर्ष की छात्रा है। उसके पिता सेना में सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हैं।
छात्रा ने बताया कि कुछ समय पहले ही उसका रिश्ता महम निवासी एक युवक से हुआ था। युवक फिलहाल सेना में एजुकेशनर हवलदार है। इसके बाद दोनों की सगाई हो गई और कुछ दिन बाद शादी होनी है। युवती ने बताया कि शनिवार रात उसकी मंगेतर से बात हुई थी। आरोप है कि मंगेतर ने कहा कि शादी के बाद उसे पढ़ाई छोड़नी होगी। इस पर छात्रा ने इनकार कर दिया। इसको लेकर दोनों के बीच जमकर बहस हुई।
रविवार सुबह छात्रा ने गुस्से में मच्छर भगाने में प्रयोग होने वाली दवाई गटक ली। इसके बाद वह शिकायत लेकर महिला थाने में जा पहुंची। यहां हालत खराब होने पर महिला थाना की दो महिला सिपाही छात्रा को लेकर पीजीआई पहुंचीं। अब छात्रा की हालत में सुधार है।
छात्रा फिलहाल पीजीआई में भर्ती है। जांच अधिकारी उसके बयान दर्ज करने के लिए पीजीआई गए हैं। हालांकि अभी तक कोई शिकायत नहीं दी गई है। दोनों पक्षों के परिजन आपस में बातचीत कर रहे हैं।
- इंस्पेक्टर गरिमा, महिला थाना प्रभारी