पठानकोट बस अड्डे पर पकड़े गए उत्तराखंड के तीन बच्चे
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड में तीन बच्चे बर्गर खाने के बहाने घर से निकले और भाग गए। पुलिस ने तीनों को पठानकोट बस अड्डे पर पकड़ लिया। महाराणा प्रताप इंटर स्टेट बस टर्मिनल पर पुलिस ने गश्त के दौरान तीनों को काबू किया। उनसे पुलिस को अपने घरों से चुराए गए सोने-चांदी के गहने भी मिलै।
थाना डिवीजन नंबर एक पुलिस ने परिजनों को बुलाकर बच्चे उनके हवाले कर दिए। थाना डिवीजन नंबर 1 के प्रभारी विपिन कुमार ने बताया बस स्टैंड पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआई पवन कुमार फोर्स के साथ रविवार की रात बस अड्डे पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान तीन बच्चे अकेले घूमते दिखाई दिए।
इस पर चौकी इंचार्ज ने बच्चों से पूछताछ की। इस पर बच्चे कोई सही जवाब नहीं दे सके। बाद में बच्चों ने बताया वह घर से भाग कर आए हैं। पुलिस ने तीनों बच्चों से सोने की चेन, सोने की अंगूठी, चांदी की अंगूठी व पायल बरामद की। इसके अलावा बच्चों से कुछ रुपये भी मिले। इसके बच्चों से उनके परिजनों का मोबाइल नंबर लेकर उन्हें मामले की जानकारी दी गई।
इस पर परिजनों ने बताया तीनों बच्चों शनिवार की शाम घर से बर्गर खाने के लिए निकले थे। इसके बाद घर नहीं लौटे। बच्चों की गुमशुदगी स्थानीय थाने में दर्ज कराई गए हैं। तीनों बच्चों ने चौथी कक्षा की परीक्षा अच्छे नंबरों से पास की थी। सोमवार की सुबह तीनों बच्चों के परिजन थाना डिवीजन नंबर एक पहुंचे। यहां पुलिस ने बच्चों को परिजनों के हवाले कर दिया।