एक दंपती अपनी दो बेटियों को लेकर नहर में कूद गया। मौक से एक सुसाइट नोट भी मिला है। मामला पंजाब के फरीदकोट का है। दो दिन से अपनी दो बेटियों के साथ लापता स्थानीय सोसायटी नगर निवासी एक दंपति के बेटियों समेत नहर में कूद गया। इन चार पारिवारिक सदस्यों में पत्नी सलविंदर कौर (48) व बड़ी बेटी हरभजन कौर (19) के शव वीरवार को मुक्तसर के पास राजस्थान नहर से बरामद हुए हैं। फरीदकोट में उनके घर से चारों सदस्यों के हस्ताक्षर वाला सुसाइड नोट भी मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है और फिलहाल कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सादिक रोड पर पुरानी जेल से सटे सोसायटी नगर में आचार बेचने का काम करने वाले जगतार सिंह (50) के परिवार का 21 अगस्त को अपने पड़ोसियों के साथ झगड़ा हुआ था और इस मामले में ठोस कार्रवाई न होने के चलते परिवार को धमकियां दी जा रही थीं। परिवार की एक अन्य बेटी राज कौर के अनुसार उसके माता पिता मजदूरी करने जाते थे जबकि उसकी दोनों बहनें हरभजन कौर व प्रवीण कौर घर पर ही रहती थीं। इसी से परेशान होकर उसके माता पिता व दोनों बहनों ने खुदकुशी की है।
सुसाइड नोट में शिअद व कर्मचारी नेताओं के नाम
- फोटो : Demo Pic
पुलिस के घर की तलाशी ली तो एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें जगतार ने लिखा है कि लाल सिंह के परिवार की तरफ से उनके साथ मारपीट करने के बावजूद पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया। इसमें जिला योजना कमेटी के चेयरमैन हरजीत सिंह भोलूवाला, ब्लाक समिति मेंबर जरनैल सिंह, नगर काउंसिल कर्मी जतिंदर कुमार, सफाई सेवक प्रधान सतपाल, बलबीर सिंह टहिणा, लाल सिंह के परिवार के 5 सदस्य, काला मिस्त्री का नाम शामिल है। चेयरमैन व ब्लाक समिति सदस्य का संबंध शिअद से है और चेयरमैन की पत्नी एसजीपीसी की सदस्य है।
हालांकि इस मामले में चेयरमैन हरजीत सिंह भोलूवाला का कहना है कि वह किसी जगतार सिंह के परिवार को नहीं जानते और उनका घटना से कोई संबंध नहीं है। एसएसपी दर्शन सिंह मान ने कहा कि जगतार सिंह की शिकायत पर उसके पड़ोसी के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया था जिसमें आरोपियों ने गिरफ्तारी के बाद जमानत करवा ली थी। घर से मिले सुसाइड नोट की जांच की जा रही है और परिवार के ब्यान लिए जा रहे हैं जिसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।