एक निजी टेलीकॉम कंपनी के कॉल सेंटर में काम करने वाले युवक ने वीरवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने आत्महत्या शाहीमाजरा स्थित किराए के कमरे में लगाया।
युवक की पहचान राजेश कुमार (30) जिला बिलासपुर हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक कुछ समय से डिप्रेशन में था।
जानकारी के अनुसार राजेश कुमार दोस्त के साथ शाहीमाजरा में किराए के घर में रहता था। वीरवार को जैसे ही उसका दोस्त शिफ्ट खत्म कर कमरे पर आया तो देखा कि राजेश का शव पंखे से लटक रहा था।
उसने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने उसे नीचे उतारा और प्राइवेट अस्पताल ले गए। वहां से डॉक्टरों ने उसे सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इस दौरान पुलिस ने मृतक के मकान में जांच पड़ताल की तो वहां से एक युवती का आईडी कार्ड मिला। इसके बाद पुलिस ने उस युवती से पूछताछ की।
युवती ने बताया कि वह उसका मित्र था और पिछले कुछ दिन से डिप्रेशन में होने की बात कर रहा था। जांच में सामने आया है कि मृतक की शादी हो चुकी है।
उसका एक बेटा भी है। पुलिस ने मृतक के घरवालों को इसकी सूचना दे दी है। समाचार लिखे जाने तक वह शहर में पहुंच नहीं सके थे। पुलिस के अनुसार युवक के परिजनों के आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जा सकेगी।