जीएमसीएच-32 के पास कोर्ट के बेलिफ (नाजिर) ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। लोगों ने उसे तत्काल जीएमसीएच में भर्ती कराया।
बाद में पुलिस को उसकी जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें जज का नाम लिखा है। जिला अदालत में कार्यरत बेलिफ राम अवतार सिंह ने सुसाइड नोट में जज पर परेशान करने का आरोप लगाया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मंगलवार सुबह किसी मामले को लेकर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई थी। इसके बाद शाम को उसने आत्महत्या का प्रयास किया।
पुलिस ने राम अवतार सिंह के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। हालांकि सुसाइड नोट के संबंध में पुलिस अधिकारी कुछ बताने से कतराते रहे।
इस संबंध में डीएसपी साउथ नवदीप सिंह बराड़ ने सिर्फ इतना कहा कि मामला संज्ञान में आया है, लेकिन अभी तक बयान दर्ज नहीं हुए हैं। थाना प्रभारी को बयान दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।