कस्बा भगता भाईका में फरीदकोट जिले के एक किसान ने आढ़ती की दुकान के सामने खुद पर केरोसिन छिड़क कर आग लगा ली। मौके पर एकत्र लोगों ने आग को बुझाकर झुलसे किसान को भगता भाईका के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया जहां से उसे बठिंडा सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
किसान के साथ आए व्यक्ति ने बताया कि गांव बांदर जिला फरीदकोट निवासी संता सिंह ने कर्ज के चलते दो वर्ष पहले अपनी जमीन भगता भाईका के आढ़तिए अशोक कुमार को गिरवी रखी थी और बाद में किसान को भरोसे में लेकर आढतिए ने जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली।
उसने अपना कर्जा काट कर बाकी बचे एक करोड़ रुपये कुछ समय बाद देने का कहा था, लेकिन दिए नहीं। उसने बताया कि संता सिंह शुक्रवार को पैसे लेने के लिए आढ़तिये के पास आया थे, लेकिन आढ़तिये ने रुपये देने से मना कर दिया।
इसके बाद हताश संता सिंह ने आढ़ती की दुकान के बाहर अपने शरीर पर केरोसिन का तेल छिडक कर आग लगा ली । उधर इस मामले की जांच कर रहे भगता भाई पुलिस थाने के प्रभारी प्रितपाल सिंह ने कहा कि वह अभी मामले की जांच कर रहे है।
किसान नेता ने दी धरने की चेतावनी
घटना के बाद भगता में अपने साथियों सहित पहुंचे किसान नेता शिंगारा सिंह ने कहा कि अगर पीड़ित किसान का कर्जा माफ न हुआ और आढ़तिये के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई न की तो वह अनिश्चित समय के लिए धरना लगा देंगे।
किसान नेता ने कहा कि पीड़ित किसान से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है लेकिन पुलिस उन्हे दे नहीं रही ।