झगड़े में बीच बचाव करने पहुंचे बीएससी के एक छात्र की सोमवार शाम तेजधार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावर गांव तेवड़ी के रहने वाले थे। परिजनों ने किसी प्रकार की रंजिश से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
गांव खुबडू निवासी रजनीश (21) साउथ प्वाइंट शिक्षण संस्थान में एमएससी का छात्र था। वह देर शाम शिक्षण संस्थान के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान कुछ युवक आपस में झगड़ा कर रहे थे। रजनीश बीचबचाव कराने लगा तो उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। कुछ युवकों ने छात्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।
जाहरी रेलवे फ्लाईओवर के पास स्थित साउथ प्वाइंट शिक्षण संस्थान के पास कुछ हमलावरों ने छात्र पर तेजधार हथियार से वार कर दिया। बताया गया है कि छात्र झगड़ा कर रहे युवकों में बीचबचाव करा रहा था। शव को कब्जे में ले लिया है। परिजनों के बयान के बाद कार्रवाई की जाएगी। - देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी सदर, सोनीपत।