देर रात घर पर 7 नकाबपोश लुटेरों ने धावा बोल दिया। घर में रखे रुपयों के साथ-साथ दरिंदों ने 2 सगी बहनों की इज्जत भी लूट ली। मामला पंजाब के रोपड़ जिले के एक गांव का है।
यहां की धर्मशाला में रह रहे प्रवासी परिवार पर सोमवार की रात धावा बोलकर सात अज्ञात नकाबपोश लोगों ने 20 हजार रुपये लूट लिए और एक नाबालिग लड़की व विवाहित लड़की से दुराचार किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मंगलवार की देर शाम दोनो लड़कियों को लेकर मेडिकल कराने के लिए सिविल अस्पताल पहुंची।
पीड़ित परिवार के मुखिया ने बताया कि वह सोमवार की रात पूरे परिवार के साथ सो रहा था। देर रात 12 बजे के करीब उनके कमरे में सात लोगों ने हमला बोल दिया। हमला करने वाले लोगों के मुंह ढके थे। उन्होंने उसकी पत्नी और बेटियों के साथ मारपीट कर उसे बांध दिया। इसके बाद उसकी नाबालिग लड़की और विवाहित बेटी के साथ बलात्कार किया।
शोर मचाने के बावजूद भी कोई सहायता के लिए नहीं आया
पीड़ित लड़कियों की मां ने बताया कि हमला करने वालों ने डंडो से पीटा और सारा समान बिखेर दिया और 20 हजार रुपये लूट लिए। हमला करने वाले लोग बंदूक की मांग कर रहे थे।
जब उसने उनसे कहा कि उनके पास बंदूक नहीं है तो उन्होंने उसके पति को साथ के जिम में बांध दिया और मारपीट की। शोर मचाने के बावजूद भी कोई भी उनकी सहायता के लिए नहीं आया। मामले की सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी वरिंदरपाल सिंह, एएसपी चमकौर साहिब संदीप गर्ग, एसपी (डी) हरमीत सिंह हुंदल, डीएसपी हरबीर सिंह अटवाल, सीआईए इंचार्ज गब्बर सिंह ने मौके पर पहुंच मामले की जांच की। पुलिस मंगलवार की देर शाम पीड़ित लड़कियों को लेकर मेडिकल कराने के लिए अस्पताल पहुंची।