पाकिस्तान से हेरोइन मंगवा कर पंजाब के अलावा आसपास के राज्यों में सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को एसटीएफ की टीम ने फिरोजपुर कैंट से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक किलो हेरोइन और उनकी निशानदेही पर भारत-पाक सीमा स्थित एक किसान की जमीन में दबा रखी ढाई किलो हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में तरनतारन निवासी बूटा सिंह (41) और हरचंद सिंह उर्फ बाबा (22) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक एसटीएफ लुधियाना रेंज के इंस्पेक्टर हरबंस सिंह की अगुवाई में टीम फिरोजपुर में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बाइक पर सवार होकर गट्टी रियात स्थित बीएसएफ की चौकी के नजदीक से गुजर रहे है। आरोपी हेरोइन की सप्लाई देने के लिए जा रहे है।
पुलिस ने आरोपियों को नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से हेरोइन बरामद की। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने भारत-पाक सीमा स्थित एक किसान की जमीन पर हेरोइन दबा रखी थी। पुलिस पार्टी ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से ढाई किलो हेरोइन बरामद की।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी भारत-पाक सीमा पर साथियों से मिलने जा रहे थे और वहां से हेरोइन निकाल कर लानी थी। पुलिस की टीम ने बीएसएफ के अधिकारियों के साथ मिल कर हेरोइन वहां से निकाली।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी बूटा सिंह पिछले 15 सालों से हेरोइन तस्करी कर रहा है। आरोपी दो महीने पहले ही अमृतसर सेंट्रल जेल से हेरोइन तस्करी के मामले जमानत पर बाहर आया है। जमानत पर बाहर आते ही आरोपी ने फिर से हेरोइन तस्करी शुरू कर दी। हरचंद सिंह बाबा एक गुरुद्वारा साहिब में पाठी है और आरोपी के साथ मिल कर हेरोइन तस्करी का धंधा करता था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।