लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह करीब 11 बजे कस्टम विभाग ने एक सोना तस्कर को दबोच लिया। आरोपी की पहचान कानपुर निवासी बिपिन कुमार गुप्ता (32) के रूप में हुई है।
आरोपी के पास से 48 लाख रुपये मूल्य का डेढ़ किलो सोना पकड़ा गया। बैंकाक से वह इंडिगो के विमान 6E98 से यहां पहुंचा था। उसके साथ दो किशोर भी थे, जिन्हें पूछताछ के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। कस्टम ने सोना जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
सुबह 11 बजे बैंकाक से बाबतपुर आई फ्लाइट (संख्या 6E98) के यात्रियों की जांच की जा रही थी। इस दौरान एक व्यक्ति के पास कुछ लेडीज पर्स देखे गए। शक होने पर जांच गई तो उन बैग में छल्ले (रिंग) के आकार की कुछ चीजें छिपी हुई मिलीं। ये छल्ले सोने के थे और इन्हें पर्स की सजावट के तौर पर प्रयोग किया गया था।
इन्हें कई पर्स में लगाया गया था। सभी पर्स और बैग की तलाशी में करीब डेढ़ किलोग्राम सोना बरामद किया गया। शुरुआती जांच में पता चला कि वह नियमित तौर पर बैंकाक आता-जाता था। सोने की अनुमानित कीमत 48 लाख रुपये है।
अधिकारियों के अनुसार, 20 लाख से ऊपर का सोना या विदेशी करंसी मिलने पर आरोपी को जेल भेजने का प्रावधान है। कागजी कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेजा जाएगा। बाबतपुर एयरपोर्ट पर विदेशों से लाया गया सोना और विदेशी करेंसी पकड़ा जाना आम बात हो गई है। पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं।