साइबर सेल ने क्रिकेट वर्ल्ड कप के भारत-आयरलैंड मैच पर सट्टा लगवाने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। कबाड़ी इतना शातिर था कि चलती कार से ही मोबाइल पर सट्टा लगवा रहा था। हर थोड़ी देर में वह लोकेशन बदलता रहता था, ताकि पुलिस पकड़ न सके। उससे चार मोबाइल बरामद हुए हैं। पुलिस उनकी जांच कर रही है। वीरवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से साइबर सेल को उसका एक दिन का रिमांड मिला।
साइबर सेल को सूचना मिली थी कि रामदरबार निवासी नरेश कुमार सटोरिया है। सेल ने उसके नंबर को सर्विलांस पर लगाया तो पता चला कि उसका नंबर केवल मैच के दौरान ही ऑन होता है। मंगलवार को भारत-आयरलैंड मैच के दौरान उसके मोबाइल की लोकेशन दड़वा में मिली।
पुलिस टीम वहां पहुंची तो पता चला अब उसकी लोकेशन रामदरबार आ रही है। इसके बाद उसकी लोकेशन इंडस्ट्रियल एरिया मिली। पुलिस टीम वहां पहुंची, लेकिन वहां भी नरेश पकड़ा नहीं जा सका। साइबर सेल की टीम उसके पीछे-पीछे जहां जाती, उसकी लोकेशन बदलती रहती। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे सेक्टर-17 के फायर ब्रिगेड आफिस के पास से गिरफ्तार कर लिया। वहां नरेश कार से बैठे-बैठे ही मोबाइल पर सट्टा लगवा रहा था। कार में पानी की बोतलें और खाने का पूरा सामान रखा हुआ था। नरेश कुमार की दड़वा में कबाड़ी की दुकान है।
किन-किन सट्टेबाजों के आए फोन, जांच कर रही पुलिस
साइबर सेल के मुताबिक उससे मिले मोबाइल की डिटेल खंगाली जा रही है। साथ ही उसके नंबरों पर आई कॉल की भी जांच की जा रही है। सट्टा लगवाने के दौरान उसे किन-किन लोगों की कॉल आई और उन लोगों के तार कहां तक जुड़े हैं इसकी भी जांच की जा रही है। कोर्ट में उसकी वायस भी रिकॉर्ड करवाई गई है।