पंजाब के पटियाला जिले के गांव रामगढ़ में शराब के नशे में बेटे ने पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस टीमें तलाश में जुटी हैं। थाना भादसों के प्रभारी इंस्पेक्टर अनवर अली ने बताया कि गांव रामगढ़ के नंद सिंह (85) और उसके बेटे हाकम सिंह (50) में अक्सर झगड़ा रहता था।
दरअसल, जिस मकान में दोनों बाप-बेटा रहते थे, हाकम सिंह अपने पिता से इसे नाम करने की मांग कर रहा था लेकिन नंद सिंह इस बात पर राजी नहीं था। सोमवार देर रात भी बाप-बेटा में मकान को लेकर क्लेश हो गया और शराब के नशे में धुत हाकम सिंह ने तैश में आकर लकड़ी के बाले के करीब तीन-चार वार अपने बुजुर्ग पिता के सिर पर कर दिया।
बाद में आरोपी पिता को खून से लथपथ वहीं छोड़कर फरार हो गया। बुजुर्ग का दूसरा बेटा रेशम सिंह भी इसी गांव में रहता है। जैसे ही पड़ोसियों के जरिये उसे वारदात का पता चला तो तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर घायल पिता को अस्पताल पहुंचाया। मगर वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक देर रात करीब डेढ़ बजे वारदात के बारे में सूचना मिली। इसके तुरंत बाद मौके पर पहुंच कर मामले में जांच शुरू की गई। आरोपी हाकम सिंह फिलहाल फरार है, जिसके खिलाफ उसके भाई रेशम सिंह के बयान के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी हाकम सिंह मेहनत मजदूरी करता है और शराब पीने का आदी था।