शहर में स्नैचिंग का सिलसिला थमने का नाम नही ले रहा। मंगलवार को शहर में अलग अलग जगहों से एक महिला और व्यक्ति से पर्स छीनने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार सेक्टर 40-41 लाइट प्वाइंट पर ऑटो से जा रही महिला का बाइक सवार पर्स छीनकर ले गए। पीड़ित महिला ममता मलोया की रहने वाली है। सूत्रों का कहना है कि महिला का ऑटो लाइट प्वाइंट पर रुका हुआ था, तभी बाइक पर आए दो बदमाश उसका पर्स छीनकर फरार हो गए। जिसके बाद पीड़ित ने 100 नंबर पर फोन कर वारदात की सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
वहीं एक अन्य मामले में ट्रांस्पपोर्ट लाइट प्वाइंट के पास बापूधाम निवासी राज कुमार (35) से बाइक सवार बदमाश राज कुमार से उसका पर्स छीन कर ले गए। पर्स में नगदी व जरूरी कागजात थे। पीड़ित ने 100 नंबर पर फोन कर मामले की सूचना दी।
स्नैचरों को पहचान कर पीड़ित ने ही पकड़वाया
मंगलवार को सेक्टर-21 के निवासी का पर्स और मोबाइल छीनने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार आरोपियों की पहचान कालोनी नंबर चार निवासी रितेश कुमार और सेक्टर-19 की झुग्गी नंबर 30 के रहने वाले रामपाल के रूप में हुई है।
अपनी शिकायत में सेक्टर-21 के मनु कुमार (22) ने बताया कि वो 21 अगस्त दोपहर करीब 3:30 बजे सेक्टर-19 के सीता राम मंदिर के पास पहुंचे तो बाइक पर पहुंचे दो आरोपी उससे मोबाइल व पर्स छीनने लगे। बदमाशों से बचकर वो भाग कर पास के पार्क में छिप गया। जिसके बाद उसने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को वारदात के बारे में बताया। अगले दिन जब वो दोबारा सेक्टर-19 से गुजर रहा था तो उसने मंदिर के पास पार्क के बाहर वही मोटरसाइकिल खड़ी देखी साथ ही दोनों आरोपियों को भी पार्क में बैठे देखा और तुरंत पुलिस को फोन कर मौके पर बुला लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।