दिन दहाड़े बाइक सवार बदमाश दो महिलाओं समेत तीन लोगों से सोने की चेन छीनकर ले गए। दोनों महिलाओं से स्नैचिंग बुधवार दोपहर साउथ सेक्टर में एक घंटे के अंदर हुई। वहीं तीसरी घटना में सेक्टर 10 में एक युवक ने शिकायत दी है कि उससे बाइक सवार तीन युवक सोने की चेन लूट कर ले गए।
जानकारी के अनुसार पहली स्नैचिंग की वारदात बुधवार दोपहर करीब 1.30 बजे सेक्टर 40 के मकान नंबर 834 में रहने वाली महिला विक्रमजीत कौर से बाइक सवार बदमाश सोने की चेन छीन कर फरार हो गए। विक्रमजीत ने बताया कि वह घर से मार्केट जा रही थी, जैसे ही वह मकान नंबर 861 के पास पहुंची तभी पीछे से एक बाइक पर दो बदमाश आए उसके गले से सोने की चेन झपट कर फरार हो गए। महिला बाइक का नंबर भी नोट नहीं कर पाई।
दूसरी घटना सेक्टर सेक्टर 31 में दोपहर करीब 2.20 बजे हुई। सेक्टर 31 निवासी संध्या ने पुलिस को शिकायत दी कि बाइक पर सवार दो युवक आए और पीछे बैठे युवक ने उसने गले से चेन झपट ली। महिला ने 100 नंबर पर स्नैचिंग की जानकारी दी। सूचना पा कर मौके पर सेक्टर 31 पुलिस स्टेशन के एसएचओ जसबीर सिंह पहुंचे और पीड़िता का बयान लिया। पुलिस ने मामले दर्ज कर वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
वहीं तीसरी घटना में सेक्टर 10 में आर्ट कालेज के पास हुई। मोहाली के मुल्लांपुर निवासी सतविंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि बाइक सवार तीन लड़कों ने उसके साथ पहले मारपीट की। उसके बाद उसकी एक सोने की चेन, तीन मोबाइल फोन, पर्स जिसमें ढाई हजार रुपये नगद थे और एटीएम कार्ड था, छीन कर ले गए। सेक्टर 3 थाना पुलिस युवक के आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने की के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।