चंडीगढ़ के सेक्टर-40 में पैदल जा रही बुजुर्ग महिला से बाइक सवार बदमाश सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम मार्केट से घर आ रही महिला कंचन (65) के गले से सोने की चेन झपटकर बाइक सवार बदमाश भाग गए। महिला ने शोर भी मचाया, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
पीड़िता मोटरसाइकिल का नंबर भी नोट नहीं कर पाई। वह मार्केट से कुछ सामान लेकर घर आ रही थीं। इसी दौरान दो लड़के बाइक पर पीछे से आए और चेन उड़ाकर चलते बने। इसके बाद महिला ने घर पहुंचकर परिजनों को मामले की जानकारी दी। परिजनों ने 100 नंबर पर फोन कर वारदात की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने महिला द्वारा बताए गए बाइक व युवकों के हुलिए का मैसेज फ्लैश करवाया, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चल पाया। पुलिस ने महिला के बयान के आधार केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया है।
वहीं पुलिस विभाग का कहना है कि गर्मियों में चेन स्नैचिंग की वारदातें बढ़ जाती हैं। क्योंकि लोग देर रात कर बाहर घूमते रहते हैं। जबकि सर्दियों में सेंधमारी की वारदातों में इजाफा होता है। इस साल 15 मई तक शहर में स्नैचिंग के 39 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि पिछले साल 159 मामले सामने आए थे।