स्नैचरों ने एक बार फिर साउथ सेक्टरों में दो जगह वारदात को अंजाम देकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार रात को स्नैचरों ने सेक्टर-40 और 41 में दो महिलाओं को अपना शिकार बनाया। एक जगह तो बदमाश महिला का पर्स छीनने में कामयाब रहे, लेकिन दूसरी महिला से वे पर्स नहीं छीन पाए।
वारदात सेक्टर-40 में हुई। सेक्टर-40 निवासी महिला सतविंद्र कौर में बाइक सवार बदमाशों ने पर्स छीनने की कोशिश की, मगर पर्स जमीन पर गिर गया। महिला ने 100 नंबर पर फोन कर स्नैचिंग को कोशिश की सूचना दी। सेक्टर-39 पुलिस स्टेशन में दोनों पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर बाइक सवार अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
दूसरी वारदात: सेक्टर 41 निवासी स्वेता ने पुलिस को बताया कि शाम को करीब 9 बजे वह किसी काम से मार्केट जा रही थी, जैसे ही वह एससीओ नंबर 44 के पास पहुंची तो दो बाइक सवार बदमाश उसके हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में 1400 रुपये और जरूरी कागजात थे। वारदात के बाद महिला ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाकेेकी घेराबंदी कर दी लेकिन बदमाश भागने में कामयाब रहे।