एसएसपी ने बताया कि इसी सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ गुरदासपुर व कलानौर की पुलिस ने कोटली रोड कलानौर में विशेष नाकाबंदी करके गुरविंदर चंद उर्फ केवरा को बिना नंबर की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से तीन लाख रुपये की भारतीय मुद्रा, एक मोबाइल फोन व दो रासायनिक स्टिक बरामद की। इसके बाद गुरविंदर की निशानदेही पर अजय मसीह के घर से एक लाख रुपये की भारतीय मुद्रा व मलकीत सिंह के घर से एक लाख 54 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की।
पूछताछ के दौरान गुरविंदर चंद ने बताया कि वह पाकिस्तान में रहने वाले बिट्टू नामक तस्कर से हेरोइन और हथियार मंगवाता है। इसी माह उन्होंने 14, 16, 17 व 18 दिसंबर को प्रति दिन दो किलोग्राम हेरोइन (कुल आठ किलोग्राम) पाकिस्तान से मंगवाई है। इसे उन्होंने गांव लालपुर की बंबी से किसी अज्ञात को दे दिया है।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि उक्त तीनों ने करीब दो साल पहले पाकिस्तान से 14 किलो हेरोइन व 2 पिस्टल मंगवाए थे। इस संबंध में उन पर थाना डेरा बाबा नानक में मामला दर्ज है। उक्त मामले में पिस्टल की बरामदगी हो गई थी लेकिन 14 किलोग्राम हेरोइन इन्होंने पाकिस्तान तस्कर बिट्टू के कहने पर किसी अज्ञात व्यक्ति को सौंप दिया था। एसएसपी का कहना है कि प्राथमिक जांच में पाया गया है कि उक्त लोग पैसे के लालच में तस्करी का काम करते हैं और इन्हें दो लाख रुपये एक पैकेट के हिसाब से मिलते हैं। आठ किलो हेरोइन के पैकेट के इन्हे 16 लाख रुपये मिलने थे। इसमें छह लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।