सरहद से पच्चीस करोड़ की हेरोइन बरामद
- फोटो : ANI
बीएसएफ और एसटीएफ के संयुक्त आपरेशन दौरान सरहद से पांच किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। उक्त हेरोइन पाकिस्तान से आई थी और पाक तस्करों ने खेत में दबा कर रखी थी। यह घटना मंगलवार दोपहर बाद बीओपी दोना तेलु मल के पास घटी।
बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि दोना तेलु मल के पास सरहद पर लगी फेंसिंग पार खेत में हेरोइन दबी है। एसटीएफ और बीएसएफ ने संयुक्त आपरेशन दौरान खेत की तलाशी ली। खेत में खुदी हुई जगह को खोद कर देखा तो उसमें पांच किलोग्राम हेरोइन दबी बरामद हुई। उक्त हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 25 करोड़ रुपये आंकी गई है।
उक्त हेरोइन भारतीय तस्करों तक पहुंचाने के लिए पाक तस्करों ने खेत में दबा कर रखी थी। लेकिन एसटीएफ को इसकी भनक लग गई। बीएसएफ अधिकारियों का कहना है कि एसटीएफ ने किसी तस्कर को पकड़ा होगा उसकी निशानदेही पर हेरोइन बरामद की है। लेकिन एसटीएफ टीम अपने साथ किसी तस्कर को लेकर नहीं आई थी। मालूम हो कि अबोहर बीएसएफ सेक्टर से भी बीएसएफ ने एक किसान से एक किलो तीस ग्राम हेरोइन बरामद की है।