अमृतसर के गांव सूखेवाल के पास बुधवार रात नई थार में सवार तस्कर पुलिस पर फायरिंग कर नाका तोड़ भाग गया। लेकिन पीछा करने के बाद पुलिस स्पेशल सेल की पार्टी ने मानांवाला के पास उसे काबू कर लिया। आरोपी की पहचान धनोए कलां निवासी गुरलाल सिंह के तौर पर हुई है। चाटीविंड थाने में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी ड्यूटी में रुकावट डालने, असलहा एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
एसएसपी देहाती सतिंदर सिंह ने बताया कि स्पेशल सेल की टीम ने सूचना के बाद रात सूखेवाल गांव टी प्वाइंट पर नाकेबंदी की थी। इस बीच तरनतारन के सीमांत गांव धनोए खुर्द निवासी तस्कर गुरलाल सिंह बिना नंबर के अपनी नई थार गाड़ी से वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रुकने को कहा लेकिन आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और गाड़ी समेत अमृतसर की तरफ भाग निकला। स्पेशल सेल की टीम ने पीछा कर उसे मानांवाला के पास उसे काबू कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से .30 बोर की चीन निर्मित पिस्तौल और पांच कारतूस समेत एक किलो हेरोइन भी बरामद की है।