इंटरनेशनल शूटर सिप्पी मर्डर केस में सीबीआई ने दिल्ली निवासी एक महिला मित्र को बुलाकर पूछताछ की है। इंटरनेशनल शूटर और एडवोकेट सुखमनप्रीत सिंह उर्फ सिप्पी मर्डर केस में सीबीआई ने सिप्पी के जानकारों और दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसी ने सिप्पी की दिल्ली निवासी एक महिला मित्र को बुलाकर पूछताछ की है।
इसके साथ ही सीबीआई ने सिप्पी के यूके बेस बिजनेस पार्टनर से कुछ कागजात जमा करवाने को कहा है। सीबीआई जल्द ही जस्टिस की बेटी को पूछताछ के लिए बुला सकती है। सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान उनके माता-पिता को भी बुलाया जा सकता है।
सिप्पी मर्डर केस में सीबीआई ने जांच आगे बढ़ाते हुए उसके जानकारों और कुछ दोस्तों को समन भेज पूछताछ के लिए बुलाना शुरू कर दिया है। पिछले 1-2 दिन में जांच एजेंसी ने सिप्पी के बचपन के दोस्त और दिल्ली निवासी उनकी महिला मित्र से पूछताछ की। इसके अलावा सिप्पी के यूके बेस बिजनेस पार्टनर अवतार सिंह को भी समन किया गया था। लेकिन, उनकी ओर से उनका कर्मचारी पेश हुआ। सीबीआई ने उनसे दोनों के बिजनेस पार्टनरशिप संबंधी कागजात जमा करवाने को कहा है। सिप्पी और अवतार की मोहाली सेक्टर-91 में एक पांच मंजिला बिल्डिंग है।
वहीं जिस महिला मित्र को पूछताछ के लिए बुलाया गया था वह दिल्ली में रहती है। सिप्पी 19 सितंबर 2015 को जब कनाडा से आया था तो इसी महिला मित्र के पास रुका था। इसके अगले दिन ही वह चंडीगढ़ आया था और इसी शाम उसका मर्डर हो गया था। इसके अलावा सीबीआई ने उसके मुक्तसर निवासी दोस्त अंगरेज सिंह को भी पूछताछ के लिए बुलाया था। उसकी 20 सितंबर को दिन में सिप्पी से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके अलावा भी सीबीआई ने सिप्पी के कुछ जानकारों को पूछताछ के लिए बुलाया था।
आईफोन जांच के लिए लैब भेजा
जांच में सबसे अहम सिप्पी के फोन को सीबीआई ने जांच के लिए गुजरात के गांधीनगर स्थित लैब में भिजवा दिया है। सूत्रों के अनुसार सीबीआई को इससे अहम सबूत मिलने की उम्मीद है।
मटौर थाने के एसएचओ से पूछताछ
सिप्पी ने अगस्त 2015 को मटौर थाने में एक शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें उसने कहा था कि उसके घर के पास उसे एक डायरी मिली थी। यह उस वक्त मिली जब कार सवार 4-5 युवक उसका पीछा करते हुए उसके घर के बाहर तक आए थे। ये सभी कई दिन से सिप्पी का पीछा कर रहे थे और उसकी हर गतिविधि पर नजर रखते थे। इस पर एक दिन सिप्पी और उसके भाई ने उनका पीछा किया तो कार सवार युवक वहां से भाग गए। इसी दौरान उनमें से एक के हाथ से एक डायरी गिर गई थी। इसमें उसके अलावा कुछ और लोगों के नाम भी थे। इनमें से एक नाम सिप्पी के बिजनेस पार्टनर अवतार सिंह के कर्मचारी का भी था। इस पर सिप्पी ने अपनी जान को खतरा बताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत और डायरी संबंधी पूछताछ के लिए सीबीआई ने मटौर थाने के एसएचओ को बुलाया था।