पैसे दोगुने करने का प्रलोभन देकर कमेटी में पैसे निवेश करने के बहाने यूटी पुलिस के हेड कांस्टेबल की पत्नी से 7.50 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिसकर्मी की पत्नी की शिकायत पर सेक्टर-26 थाना पुलिस ने आरोपी सेक्टर-51ए निवासी शीला कौर को गिरफ्तार कर लिया है।
सेक्टर-26 पुलिस कॉलोनी निवासी अनूप कौर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि 2014 में एक सहेली ने बापूधाम में कमेटी (किट्टी) चलाने वाली शीला कौर से उन्हें मिलवाया था। शीला ने उन्हें किट्टी में पैसे डालकर दोगुने करने की बात कही थी। आरोपी महिला ने उन्हें सेक्टर-43 के एक होटल में बुलाया और किट्टी पार्टी का सदस्य बनाया।
इसके बाद अनूप ने दो और एक हजार की दो कमेटी डाल दी। शिकायत के अनुसार, इसके बाद शीला का उनके घर आना-जाना शुरू हो गया। दोनों किट्टी पूरी होने के बाद शीला ने आठ और साढ़े आठ लाख की दो नई कमेटी शुरू की। शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने किट्टी की दो किश्त दी थी। एक की किश्त पूरी होने के बाद शीला कौर ने उन्हें साढ़े सात लाख रुपये नहीं दिए।
शिकायतकर्ता के अनुसार, वह हर कमेटी के पैसे शीला के दामाद को देती थीं। शिकायतकर्ता जब रुपये लेने शीला के बापूधाम स्थित घर गईं तो वह खाली था। काफी दिन तक उन्होंने उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। कुछ दिनों बाद उन्हें जानकारी मिली की शीला सेक्टर-51ए में रह रही है। इसके बाद उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शीला को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे पुलिस ने जिला अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।