दहेज का मामला दर्ज करने की एवज में 10 हजार रुपये घूस लेते हुए महिला थाना प्रभारी को विजिलेंस टीम ने काबू कर लिया। आरोप है कि महिला थाना प्रभारी ने 15 हजार रुपये मांगे थे, जिसमें से पांच हजार रुपये पहले दिए जा चुके थे। बाकी रकम लेते वक्त थाना प्रभारी विजिलेंस टीम के हत्थे चढ़ गईं। महिला थाना प्रभारी ने आरोपों को गलत बताते हुए एक वकील पर झूठा फंसाने का आरोप लगाया है।
सिवानी क्षेत्र के अधिवक्ता सुधीर ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी कि सिवानी क्षेत्र की महिला जमुना देवी की शादी कैरू में हुई थी। अब विवाद हुआ तो जमुना देवी ने दहेज प्रताड़ना की शिकायत की। दहेज का मामला दर्ज करने की एवज में एसएचओ नन्ही देवी 30 हजार रुपये मांग रही है। अब 15 हजार में बात हुई है। शनिवार को पांच हजार रुपये दिए जा चुके हैं और रविवार को 10 हजार रुपये दिए जाने हैं।
'मुझे गलत फंसाया गया'
घूस लेते हुए गिरफ्तार
- फोटो : demo pic
इस शिकायत पर विजिलेंस टीम के इंचार्ज इंस्पेक्टर श्रीराम के नेतृत्व में टीम बनाई गई। देर शाम जैसे ही पीड़ित पक्ष ने महिला थाना प्रभारी को रुपये दिए तो पुलिस ने छापामारी कर उसे दबोच लिया और विजिलेंस कार्यालय ले आई। रात तक उससे पूछताछ और जांच चलती रही। विजिलेंस इंचार्ज इंस्पेक्टर श्रीराम ने बताया कि महिला थाना एसएचओ एसआई नन्ही देवी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मामले में एसआई नन्हीं देवी ने बताया कि आरोप झूठे है और अधिवक्ता सुधीर ने उसे गलत फंसाया है। वह पिछले एक महीने से चक्कर लगा रहा है। सीसीटीवी फुटेज व कागजात से सारा मामला साफ हो जाएगा।