वुशू की सीनियर स्टेट खिलाड़ी के यौन शोषण का मामला सामने आया है। भविष्य में नहीं खेलने देने की धमकी देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया गया। खिलाड़ी का आरोप है कि प्रशिक्षण देने वाले एक अन्य युवक ने भी उस पर कोच से संबंध बनाने का दबाव बनाया। 2 साल से प्रताड़ना झेल रही खिलाड़ी की शिकायत पर महिला थाने में कोच राजेश और दूसरे आरोपी संदीप के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज किया गया है। एक आरोपी करनाल का तो दूसरा जुलाना का रहने वाला है।
पुलिस को दी शिकायत में लाखनमाजरा खंड के गांव की रहने वाली पीड़ित ने बताया कि वह शहर के जींद बाईपास स्थित एक एकेडमी में वुशू खेलती है। आरोप है कि कोच राजेश शारीरिक संबंध बनाने के लिए उसे काफी समय से प्रताड़ित कर रहा है। वह 23 नवंबर 2013 को नरवाना में सीनियर स्टेट वुशू प्रतियोगिता में हिस्सा लेने गई थी।
इसी दौरान खिलाड़ी के कमरे में एक लड़की आई। उस लड़की ने खिलाड़ी से कहा कि उसे कोच बुला रहे हैं। खिलाड़ी का आरोप है कि जब वह कोच के कमरे में गई तो उसने छेड़छाड़ शुरू कर दी।
पीड़ित रोने लगी तो कोच ने कहा कि यदि वह उसके साथ शारीरिक संबंध नहीं बनाएगी तो उसे भविष्य में खेलने नहीं देगा। इसके बाद से ही आरोपी बार-बार खिलाड़ी के साथ छेड़छाड़ कर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा है।