पंजाब में बड़े स्तर पर चल रहे लिंग जांच के नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ। साथ ही खुलासा हुआ कि हरियाणा की महिलाएं जांच कराने आती थी। सरकार के बड़े-बड़े दावों के विपरीत हरियाणा से गर्भवती महिलाएं लाकर पंजाब में अवैध ढंग से इनका लिंग परीक्षण कराने के मामले सामने आए हैं।
सेहत विभाग अंबाला को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर समाना पुलिस ने कुरुक्षेत्र के एक अस्पताल के एक लैब टेक्निशियन, घग्गा क्लीनिक के एक मुलाजिम समेत पांच लोगों के खिलाफ इस मामले में केस दर्ज किया है। आरोपियों में एक गर्भवती महिला भी है।
शिकायतकर्ता डिप्टी सिविल सर्जन अंबाला डा. बीबी लाला ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा में गर्भवती महिलाओं से मोटी रकम वसूल करके उन्हें पंजाब के कुछ नर्सिंग होम्स व अस्पतालों में ले जाकर गैरकानूनी ढंग से लिंग परीक्षण किया जा रहा है। इसमें कुरुक्षेत्र के महिंदरा अस्पताल का लैब टेक्निशियन अनूप सिंह शामिल है, जो गर्भवती महिलाओं का पंजाब के अस्पतालों व नर्सिंग होम्स में जाकर लिंग परीक्षण कराता था।