सेक्टर-43 स्थित आईएसबीटी से टैक्सी किराए पर लेकर पहले अंबाला और फिर कैथल गए दो लुटेरों ने रास्ते में टैक्सी ड्राइवर से कार, मोबाइल और पैसे लूट लिए। लुटेरों ने ड्राइवर को रिवाल्वर दिखाकर वारदात को अंजाम दिया। इससे पहले भी कई बार कुछ ऐसे ही कार लूट के मामले सामने आ चुके हैं। वारदात कैथल के नजदीक ढांड एरिया में होने पर टैक्सी चालक मोहाली के संगतपुरा निवासी बरिंद्र सिंह ने स्थानीय पुलिस में लूट का केस दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में बरिंद्र सिंह ने कहा कि 21 जून की रात वह सेक्टर-43 स्थित आईएसबीटी पर सवारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान दो युवक उसके पास आए और उसे अंबाला के लिए टैक्सी बुक करने को कहा। दोनों ने उसे कहा कि अंबा ला में उसके दोस्त के पिता को हार्टअटैक आया है और उन्हें वहां सरकारी अस्पताल जाना है। साथ ही उसे 2 हजार रुपये अलग से ले ले। इस पर बरिंद्र दोनों को लेकर अंबाला चला गया। वहां पहुंचकर दोनों सरकारी अस्पताल गए और थोड़ी देर में बाहर आ गए।
उन्होंने कहा कि उन्हें किसी और अस्पताल ले गए हैं, उन्हें वहां ले चले। इसके बाद वह किसी को बार-बार फोन कर रास्ता पूछते रहे। ढांड पहुंचने पर उन्होंने ड्राइवर को करनाल चलने को कहा। रात करीब दो बजे चंदलाना के आसपास रजबाहे के पास दोनों ने अचानक कार रुकवाई। कार रुकते ही पिछली सीट पर बैठे युवक ने उस पर रिवाल्वर तान दी, जबकि अगली सीट पर बैठे युवक ने उससे मोबाइल, पर्स छीना। इसके बाद दोनों ने उसे कार से उतार दिया और कार लेकर करनाल की ओर चले गए।
बरिंद्र ने किसी तरह ढांड थाने पहुंचकर पुलिस को वारदात की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश की, लेकिन तब तक वह काफी दूर निकल चुके थे। बरिंद्र के मुताबिक दोनों लुटेरे हरयाणवी भाषा में बात कर रहे थे। फिलहाल, पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।