घने कोहरे का कहर देखिए, स्कूल बस और कैंटर की टक्कर हो गई। हादसे में पांच बच्चों समेत 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रोहतक में हुआ। शिमली गांव के मोड पर स्कूल बस और कैंटर की टक्कर हो गई।
भिड़ंत होते ही चीख पुकार मच गई। हादसे में पांच बच्चे, बस का चालक व सहायक घायल हो गए। हादसे के बाद कैंटर चालक भाग गया। लोगों ने बचाव अभियान चलाते हुए घायल बच्चों व चालक और सहायक को रोहतक पीजीआइ में भर्ती कराया।
बच्चों के अभिभावकों को हादसे का पता चला तो वे दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। वहां से पता चला कि बच्चों को रोहतक पीजीआई ले जाया गया है। इसके बाद अभिभावक पीजीआई पहुंचे और बच्चों का हालचाल जाना।
दृश्यता कम होने के कारण नजर नहीं आया
रोहतक में स्कूल बस और कैंटर में टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, जीडी रॉयल स्कूल के बच्चों को लेकर बस आ रही थी। स्कूल रोहतक की काठमंडी में है और इस बस में शहर के बाहर के ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे आते हैं। घने कोहरे के कारण सड़क पर दृश्यता बहुत कम थी।
बस शहर से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित सीमली गांव के मोड़ पर पहुंची तो चालक को सामने से आ रहा कैंटर दिखाई नहीं दिया। इस कारण स्कूल बस सीधे कैंटर से भिड़ गई और सड़क से नीचे उतरकर खेतों में जाकर रूकी।
टक्कर के कारण स्कूल बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद वहां चीख-पुकार मच गई। बच्चों की चीख सुनकर गांव के लोग दौड़ कर वहां पहुंचे और स्कूल बस में फंसे बच्चों और चालक व उसके सहायक को बाहर निकाला।