फिरोजपुर केंद्रीय जेल में दो महिला हवालातियों का महिला कैदियों से झगड़ा होने पर उन्होंने कैदियों को जमकर पीटा। जब जेल स्टाफ उन्हें छुड़ाने आया तो महिला हवालातियों ने जेल मुलाजिमों की वर्दी फाड़ दी। यही नहीं जेल सुपरिंटेंडेंट को जाति सूचक शब्द बोले। उधर, थाना सिटी पुलिस ने रविवार को दोनों महिला हवालातियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक जेल में हवालाती जगजीत कौर व मिंदो बाई बंद हैं। इस दौरान दो आरोपी महिला हवालातियों ने झगड़ा होने पर महिला कैदियों को पीटना शुरू कर दिया। जब जेल स्टाफ छुड़वाने पहुंचा तो दोनों आरोपी महिलाओं ने मुलाजिमों की वर्दी फाड़ दी।
आरोपियों ने जेल अधीक्षक को भी जातिसूचक शब्द बोले। सहायक अधीक्षक बलविंदर कौर को वर्दी उतरवाने की धमकी दी। यही नहीं जेल स्टाफ को डराने के लिए खुदकुशी करने की धमकी दी। उधर, सेंट्रल जेल फिरोजपुर की सहायक अधीक्षक बलविंदर कौर की शिकायत पर थाना सिटी पुलिस ने जगजीत कौर व मिंदो बाई के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की तफ्तीश कर रहे डीएसपी वरिंदर सिंह के मुताबिक सहायक अधीक्षक के बयान पर दोनों महिला हवालातियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
केंद्रीय जेल में मिले चार मोबाइल फोन
अमृतसर की केंद्रीय जेल में शनिवार को सर्च के दौरान तीन कैदियों से चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। जेल सहायक अधीक्षक बहादुर सिंह की शिकायत पर इस्लामाबाद थाने में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सहायक अधीक्षक बहादुर सिंह ने शिकायत में बताया कि सूचना के बाद जेल की अलग-अलग कमरों की तलाशी ली गई। इस दौरान अमनदीप सिंह उर्फ रिंका, रसाल सिंह उर्फ सारज और निखिल गिल व नन्नू के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।