कैलाश नगर चौक समीप शनिवार देर रात मोटरसाइकिल सवार दो लुटेरों ने दुकान बंद कर घर लौट रहे होजरी व्यापारी रामजी दास दुआ (65) की आंखों में मिर्च डालकर उनकी एक्टिवा में पड़े साढ़े 11 लाख लूट लिए।
लुटेरे उनकी एक्टिवा ही अपने साथ ले गए। पटेल नगर निवासी रामजीदास दुआ की दाल बाजार में राखी गारमेंट्स के नाम से दुकान है। शनिवार की देर रात को वे दुकान की सेल लगभग साढ़े 11 लाख रुपये बैग में डालकर एक्टिवा की डिग्गी में रखकर घर को निकल गए। कैलाश सिनेमा चौक के पास पहले से मौजूद दो लुटेरों में से एक ने उनकी आंखों में मिर्च डाल दी।
इससे उनकी एक्टिवा का संतुलन बिगड़ गया और वे उन्हें घसीटते हुए काफी दूर तक गए। इस दौरान एक लुटेरे ने उनके मुंह पर बेसबॉल का डंडा मार उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया। इस दौरान एक लुटेरा उनकी एक्टिवा भगा कर फरार हो गए। रामजी दास के चिल्लाने की आवाज सुनकर वहां के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए डीएमसी अस्पताल दाखिल कराया।
थाना डिवीजन चार के एसएचओ सब इंस्पेक्टर रणधीर सिंह ने कहा कि अस्पताल में दाखिल होने की वजह से रामजीदास से कोई बात नहीं हो सकी है। उनसे भी लुटेरों के बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।