फेज-3बी2 की मार्केट में आइसक्रीम खरीदने आए प्रिसिजन सैरामिक डेंटल लैब के मालिक से रविवार रात को दो लुटेरे गन प्वाइंट पर आई-20 कार, महंगा फोन व 15 हजार कैश लूटकर ले गए।
लुटेरों ने पहले गाड़ी रोक लैब मालिक को यह कहकर धमकाया कि उन्होंने लड़की से छेड़छाड़ की है और फिर उसी की गाड़ी में उसे अगवा कर करीब 45 मिनट तक शहर की सड़कों पर घुमाते रहे, मगर सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करने वाली पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। जबकि गाड़ी में हुई मारपीट व हाथापाई के दौरान लैब मालिक मदद के लिए चिल्लाता रहा।
बाद में लुटेरे उसे घायल कर फेज-8 चौकी के पास छोड़ गए। परिवारवालों व रिश्तेदारों ने उन्हें घायल अवस्था में एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया है। उनके सिर व हाथों में गहरी चोटें आई हैं। मटौर थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फेज-3बी2 निवासी सुधीर बंसल ने बताया कि उनकी इंडस्ट्रियल एरिया में लैब है। वह रविवार रात को करीब दस बजे आइसक्रीम लेकर फेज-3बी2 स्थित सिंधी स्वीट्स मार्केट के पीछे से जा रहे थे। जब स्पीड ब्रेकर के पास उन्होंने गाड़ी स्लो की तो स्विफ्ट कार ने उनकी कार को ओवरटेक किया और कार को उनकी कार के आगे लगा दिया।
कार में तीन लोग सवार थे, जिनमें से दो युवक उतरे और उन्हें शीशा नीचे करने को कहा। उन्होंने कहा कि आपने मार्केट में लड़की से छेड़छाड़ की है। जब तक वह कुछ बोल पाते एक युवक ने उनकी कार का दरवाजा खोल दिया व अंदर आकर बैठ गया, जबकि दूसरा बैक साइड वाली सीट पर बैठ गया। फिर एक युवक ने उन्हें रिवाल्वर से पीटना शुरू कर दिया। साथ ही उससे कार का हैंडल छीनना शुरू कर दिया।