सिवानी उपमंडल की सीमा से सटे राजस्थान के गांव गोठ्या बड़ी में सोमवार को दिन दहाड़े चार नकाबपोश बदमाश गांव की बड़ोदा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की शाखा से सात लाख रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।
जाते समय लुटेरे एक बैंक कर्मचारी का मोबाइल फोन भी छीन ले गए और बैंक के कर्मचारियों को पुलिस में मामले की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी देकर गए हैं। जिस जगह यह वारदात हुई वहां से हरियाणा के झूंपा पुलिस चौकी की दूरी महज आधा किलोमीटर दूरी पर है।
बताया जाता है बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद सिवानी की तरफ ही फरार हुए थे। उधर, मामले की सूचना मिलने के बाद राजस्थान पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं सिवानी पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, दोपहर बारह बजे लगभग गांव से गोठड़ी जाने वाले रास्ते पर दो पिकअप जीप खड़ी थी तथा दोनों जीपों में तीन-तीन युवक सवार थे। दोपहर को चार युवक बैंक में पहुंचे। जिनमें दो ने चेहरा ढक रखा था तथा दो युवक वाहनों में ड्राइवर सीट पर बैठे रहे।