दिनदहाड़े कार में सवार लुटेरों ने फिल्मी स्टाइल में एक आढ़ती से 14 लाख रुपये लूट लिए। लूट की यह वारदात हरियाणा के कुरुक्षेत्र शहर में सलारपुर रोड पर सोमवार को घटी। वारदात की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे और लुटेरों की धरपकड़ के लिए नाकाबंदी करवाई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। कुरुक्षेत्र नई अनाज मंडी के व्यापारी राबिन पुत्र बनीराम ढुल ने बताया कि दोपहर करीब पौने दो बजे वह कार में अपने पार्टनर कृष्णलाल के साथ लाडवा में किसी रिश्तेदार को 14 लाख रुपए की पेमेंट देने जा रहा था।
उसने 4 लाख रुपये अपनी दुकान नंबर 31 से लिए थे, जबकि चार यूनियन बैंक से और 6 लाख रुपए इंडियन बैंक से निकलवाए थे। जब कार सलारपुर रोड पर पहुंची तो पीछे से आई एक अन्य कार ने उनकी कार को टक्कर मार कर रुकवाया।
जब तक वे कुछ समझ पाते दो और कारें उनकी कार के पास आकर रुकी। इनमें से उतरे एक युवक ने उनकी कार पर डंडे से प्रहार किया। इससे दो शीशे टूट गए। शीशे का एक टुकड़ा राबिन के चेहरे पर लगा।