हथियारों से लैस नकाबपोश युवकों ने शुक्रवार रात पेट्रोल पंप पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। घटना हरियाणा के जिले सिरसा के गांव भरोखां के पास की है। लुटेरों ने पंप से हजारों की नगदी लूटी और 31 लीटर तेल डलवाकर पंजाब की तरफ फरार हो गए।
पुलिस ने पंप कारिंदे की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है। गांव भरोखां के पास गांव फरवाई निवासी विनोद कुमार एडवोकेट का ब्रह्मा पेट्रो केयर के नाम से पेट्रोल पंप है। पंप पर तैनात कारिंदा रोहताश निवासी चौधरीवाली, हिसार रात को ड्यूटी देर रहा था।
रात करीब 12 बजे एक गाड़ी पंप पर आकर रुकी। गाड़ी में पांच युवक सवार थे। रोहताश ने सोचा कि ये तेल भरवाने आए हैं। रोहताश दफ्तर से बाहर आया तो नकाबपोश युवकों ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल रख दी। युवकों ने उसे धमकी दी।
इसके बाद लुटेरों ने दफ्तर के गल्ले में पड़े 14 हजार 100 रुपये की नगदी लेकर व 31 लीटर तेल गाड़ी में डलवाकर पंजाब की तरफ फरार हो गए। वारदात के बाद रोहताश ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर सदर पुलिस मौके पर पहुंची और हर तरफ नाकेबंदी करवा दी गई।
पुलिस ने फरार लुटेरों की काफी तलाश की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। जांच अधिकारी एसआई जगदीश कुमार ने बताया कि रोहताश के बयान दर्ज करके अज्ञात लुटेरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।