पंजाब के फगवाड़ा में बंगा रोड पर मंगलवार की रात आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम लुटेरे उखाड़ कर ले गए। एटीएम में तीन लाख रुपये से ऊपर की नकदी बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर फगवाड़ा के एसपी अश्वनी कुमार, डीएसपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों, सिटी थाना प्रभारी इंसपेक्टर अमन शर्मा, सतनापुरा थाना प्रभारी रमनदीप व सीआईए स्टाफ प्रभारी जसविंदर पाल सिंह पुलिस फोर्स समेत मौके पर पहुंचे। बैंक के अधिकारी सुखबीर सिंह अटवाल भी अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे।
बैंक में तैनात सुरक्षा गार्ड गुलशन कुमार ने बताया कि प्रतिदिन की तरह वह मंगलवार की रात करीब 11 बजे एटीएम बूथ बंद कर घर चला गया। सुबह जब आया तो शटर टूटा मिला। अंदर से एटीएम ही गायब था।
उसने बैंक अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच में पता चला है कि लुटेरों ने एटीएम में घुसते ही सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे कर दिया। घटना पर कोई खींचतान के निशान नही थे, लगता था कि लुटेरे शटर तोड़ कर अंदर घुसे और नट बोल्ट खोल कर एटीएम उखाड़ा और किसी बड़ी गाड़ी में लाद कर आराम से निकल गए।
बैंक अधिकारियों ने एटीएम में तीन लाख से ऊपर की नगदी होने की पुष्टी की है। पुलिस ने फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ को बुलाकर मौके का मुआयना किया। एसपी अश्वनी कुमार ने बताया कि वारदात के संबंध में सिटी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शरू कर दी है।
पुलिस ने मौके से स्प्रे भी बरामद कर ली है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।