होटल में काम करके नया गांव घर लौट रहे युवकों की बाइक चौक से टकराने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त पीजीआई में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को रात 2.45 बजे सेक्टर 2-3, 10-11 के चौक से मोटरसाइकिल टकराने से पीछे बैठे मंगलेश (28) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मोटरसाइकिल चलाने वाला उसका दोस्त विपिन गंभीर रूप से घायल हो गया।
सेक्टर-3 पुलिस स्टेशन के एसएचओ नीरज सरना ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पीसीआर की गाड़ी ने मौके पहुंचकर दोनों युवकों को पीजीआई पहुंचाया। पीजीआई में डाक्टरों ने मंगलेश को ब्रॉट डेड बता दिया। जबकि विपिन की हालत गंभीर बनी है। दोनों युवक सेक्टर 22 के होटल सिटी हार्ट में काम करते थे। रात को वह नया गांव स्थित आदर्श नगर कॉलोनी अपने घर लौट रहे थे।
पुलिस ने बताया कि उनकी बाइक काफी तेज थी और अनियंत्रित होकर चौक से टकराई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं कोई दूसरा वाहन तो नहीं इनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर भागा हो। हालांकि प्राथमिक जांच में किसी अन्य वाहन के टक्कर मारने के कोई सुराग नहीं मिले है। युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए जीएमएसएच-16 के शव गृह में रखवा दिया है।