नकल में तीन छात्राएं पकड़ी गई, रस्टीकेट।
- फोटो : विनोद गुप्ता
इंटर बोर्ड के प्रथम पाली परीक्षा में संस्कृत बोर्ड की परीक्षा में 7345 छात्रों का रजिस्ट्रेशन हुआ था। जिसमें 6602 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। जबकि 745 ने परीक्षा छोड़ दी। तीन छात्राओें को अनुचित साधन प्रयोग करते समय रस्टीकेट किया गया।
शनिवार को बीएसए जावेद आलम द्वारा जांच के दौरान स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज धुसवा कला में एक छात्रा को अनुचित साधन प्रयोग करते पकड़ कर रस्टीकेट किया गया है। इंटर द्वितीय पाली में गणित विषय की परीक्षा हुई। इसमें कोई नकल करते नहीं पकड़ा गया।
रतनपुर प्रतिनिधि के मुताबिक बरगदवा के मुंदर प्रसाद इंटर कॉलेज में शनिवार को डीआईओएस की टीम ने दो छात्राओं को नकल सामग्री के साथ पकड़ा और रस्टीकेट कर दिया। यूपी बोर्ड परीक्षा की प्रथम पाली में इंटर संस्कृत प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा में डीआईओएस शिवचंद राम की टीम कॉलेज पहुंची। दो छात्राओं को नकल करते पकड़ा। छात्राओं की आपत्ति थी कि पकड़ी गई नकल पर्ची उनकी नहीं है।
कॉलेज के शिक्षकों का कहना है कि इससे पहले दो बार की जांच में केंद्र पर कोई नकल सामग्री नहीं पकड़ी गयी थी। इस बार जांच टीम में शामिल एक सदस्य कॉलेज को बदनाम करने के नीयत से इस तरह का कृत्य किए हैं। वह पहले से एक मामले को लेकर कॉलेज के प्रति दुर्भावना रखते हैं। इस संबंध में डीआईओएस का कहना है कि टीम के सदस्य को जांच के दौरान नकल पर्ची छात्राओं के पास मिली है। दुर्भावना जैसी बात निराधार है।