एंटी नारकोटिक सेल की ओर से यूथ अकाली दल के स्टिकर लगी एक गाड़ी से 65 किलो भुक्की बरामद की है। इस मामले में गिरफ्तार व्यक्ति काफी समय से इस धंधे में लिप्त है।
इंसपेक्टर जसविंदर सिंह ने बताया कि कर्मजीत सिंह और उसके साथी भूपिंदर सिंह को राउके कलां से गुजरती लिंक रोड पर ईंट-भट्ठे के करीब नाकेबंदी के दौरान पकड़ा गया। आरोपियों ने पुलिस पार्टी को देख गाड़ी भगाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
गाड़ी की तलाशी लेने पर 62 किलो भुक्की, 1700 गोलियां और 3 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। करमजीत सिंह ने गाड़ी पर यूथ अकाली दल का स्टिकर लगाया हुआ था। पुलिस द्वारा उसे निहाल सिंह वाला अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
जिला कांग्रेस प्रमुख ने लगाया आरोप
इस मामले में कांग्रेस जिला अध्यक्ष दर्शन सिंह बराड़ ने कहा है कि गिरफ्तारी से साफ हो गया है कि अकाली दल से संबंधित वर्कर भुक्की की तस्करी में लगे हैं। गांव राउके के लोगों की ओर से कई बार इस संबंध में पुलिस को बताया गया था लेकिन पुलिस इस पर ध्यान नहीं दे रही थी।