किराए पर कमरा देखने के बहाने घर में घुसे एक व्यक्ति ने महिला के साथ दुराचार कर डाला। आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। महिला ने इसकी जानकारी पति को दी। इसके बाद इसकी शिकायत थाना टिब्बा पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर टिब्बा रोड निवासी रणजोध सिंह के खिलाफ दुराचार का मामला दर्ज किया है।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। उधर, पुलिस ने पीड़ित की मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एएसआई दीदार सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला का पति एक निजी सिक्योरिटी कंपनी में काम करता है। जो रात को ड्यूटी पर जाता है। उन्होंने अपने घर का एक हिस्सा किराए पर दिया हुआ है। किराए पर रहने वाला व्यक्ति भी रात को काम पर गया हुआ है। महिला घर में अकेली थी।
आरोपी रणजोध सिंह करीब पांच दिन पहले अपने एक साथी के साथ महिला के घर आया और किराए पर कमरा लेने की बात की। वह कमरा देख कर वापस चला गया। वह शराब के नशे में देर रात दोबारा महिला के घर आया और उसके साथ दुराचार किया और वहां से फरार हो गया। दीदार सिंह ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।