दिन दहाड़े घर में घुसकर एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना को मोहल्ले के ही एक युवक ने घर में घुसकर अंजाम दिया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
पीड़ित की आपबीती सुनकर परिजनों ने मॉडल टाउन थाना में घटना की जानकारी दी। थाना पुलिस ने किशोरी का मेडिकल कराने के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर के एक मोहल्ले निवासी परिवार के सदस्य मंगलवार को किसी रिश्तेदार से मिलने गए थे। उस दौरान उनकी पंद्रह वर्षीय बेटी घर में अकेली थी। दोपहर करीब 12 बजे मोहल्ले का ही रहने वाला राजपाल उसके घर में जबरन घुस आया और किशोरी के साथ छेड़खानी करने लगा।
किशोरी को जान से मारने की धमकी दी
विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी को धमकाया और उसके साथ रेप किया। बाद में उसने किशोरी को जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया। देर शाम परिजन घर लौटे तो पीड़ित ने आपबीती उन्हें सुनाई
परिजनों ने घटना के बारे में मॉडल टाउन थाना पुलिस को बताया। घटना की जानकारी डीएसपी रेवाड़ी वीरेंद्र सैनी भी थाने पहुंचे। रात में पुलिस ने पीड़ित किशोरी का मेडिकल कराने के बाद आरोपी युवक के खिलाफ धारा 376, 452, 506 व पोस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
डीएसपी विरेंद्र सैनी ने बताया कि नाबालिग के साथ हुई वारदात के आरोपी राजपाल की तलाश जारी है। पुलिस टीमें उसे दबोचने के लिए रवाना हो चुकी हैं। जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा।