नाबालिग रेप पीड़िता ने बच्चे को जन्म दिया
पेट में दर्द होने पर किशोरी को अस्पताल लेकर आए तो गर्भवती होने का पता चला। बच्ची जन्मी तो पता चला कि किशोरी नाबालिग है। उसके साथ रेप हुआ था। वहीं पुलिस ने किशोरी के बयान पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे एक गर्भवती किशोरी को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। किशोरी ने रात को ही एक बच्ची को जन्म दिया। शुक्रवार सुबह बच्ची की हालत बिगड़ गई। वह दूध नहीं पी रही थी और दस्त की भी शिकायत थी। जिसके बाद बच्ची को अस्पताल के नीकू वार्ड में भर्ती करवाया गया।
वहीं किशोरी के मां बनने की सूचना के बाद चाइल्ड वेलफेयर सोसायटी की चेयरमैन राजबाला श्योराण अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड पहुंची। यहां किशोरी से बातचीत की और अस्पताल स्टाफ सदस्यों से जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
अभिभावक नहीं रखेंगे तो शिशु गृह भेजी जाएगी बच्ची
नवजात शिशु
- फोटो : Getty
बाल संरक्षण विभाग अब मामले में नवजात बच्ची की मां किशोरी और उसके अभिभावकों से बातचीत करेंगे। अगर वे नवजात बच्ची को रखने को तैयार नहीं हुए तो बच्ची को शिशु गृह पंचकुला भेजा जाएगा।
राजबाला श्योराण ने बताया कि अभिभावकों की स्वीकृति के बाद ही नवजात बच्ची को पंचकुला शिशु गृह भेजा जाएगा। बच्ची की हालत थोड़ी खराब है और फिलहाल नीकू वार्ड में भर्ती की गई है।
युवक पर मामला दर्ज
सूचना मिलते ही महिला थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। यहां किशोरी और उसके अभिभावकों के बयान दर्ज किए। किशोरी की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया। मामले में महिला थाना से एसआई संतोष ने बताया कि आरोपी नवीन नामक युवक पर मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।