पुलिस ने डीटीओ दफ्तर फरीदकोट में तैनात पंजाब पुलिस के कांस्टेबल व उसके दो साथियों को चोरी की नौ लग्जरी गाड़ियों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा व मध्य प्रदेश से लग्जरी गाड़ियां चोरी कर नंबर प्लेट व आरसी बदलकर बेचते थे। आरोपियों से छह मोबाइल, 24 जाली आरसी, कलर प्रिंट, लैपटॉप व डीटीओ दफ्तर फरीदकोट की मोहरें बरामद की गई हैं।
एसएसपी ध्रुव दहिया ने बताया कि पुलिस ने गांव ठट्ठा के पास नाके पर इनोवा क्रिस्टा को रोककर चेकिंग की तो कागजात जाली निकले। गाड़ी में सवार रछपाल सिंह निवासी आकाश एवेन्यू, निर्मल सिंह निवासी मिलाप एवेन्यू व रमन कुमार निवासी गली नंबर-2 संधू कालोनी अमृतसर को गिरफ्तार कर लिया गया।
इन लोगों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने यह गाड़ी दिल्ली से चोरी की थी। डीटीओ दफ्तर फरीदकोट से जाली कागजात व आरसी तैयार करके इसे कस्बा झब्बाल में बेचने जा रहे थे। रछपाल पंजाब पुलिस का कांस्टेबल है उसकी ड्यूटी डीटीओ दफ्तर फरीदकोट में है। वह अपने दो साथियों निर्मल व रमन के साथ चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश से लग्जरी गाड़ियां चोरी करता था।
एसएसपी ध्रुव दहिया ने बताया कि उसने माना कि अब तक वह दो दर्जन से अधिक जाली आरसी तैयार कर चुका है। चोरी की गाड़ियां प्रदेश भर में बेच चुका है। रछपाल के खिलाफ फरीदकोट में चोरी के दो मामले दर्ज हैं। तीनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।