रोते-बिलखते मृतक के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
गोली की आवाज सुनकर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और अंदर गए तो वह मृत पड़ा था। उन्होंने मामले से पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंची सिटी थाना पुलिस ने मामले की जांच की। पुलिस ने एफएसएल की टीम को मौके पर बुलवाया। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवाया। बाद में खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने युवक के पिता के बयान पर ही उसके खिलाफ अवैध शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिल्ली पुलिस के जवान के बेटे की हत्या में हुई थी उम्रकैद
आत्महत्या करने वाले पंकज को मालवीय नगर गली नंबर 1 निवासी दिल्ली पुलिस के जवान जोगिंद्र सिंह के इकलौते बेटे मोहित (22) की हत्या का आरोप था। उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर 29 अक्तूबर 2016 को द्वितीय वर्ष के छात्र मोहित की हत्या की थी।
पंकज व उसके तीन साथी पंकज कुमार निवासी गढ़ी ब्राह्मणान, नवीन व अनिल निवासी मयूर विहार पर आरोप था कि वह घटना के दिन किसी अंगद नाम के युवक को पीट रहे थे। मोहित उसे बचाने लगा तो उन्होंने उसकी हत्या कर दी थी। चारों को अदालत ने 16 फरवरी, 2018 को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। जिसके बाद से पंकज भौंडसी जेल में सजा काट रहा था।
पंकज के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह 21 दिन पहले पैरोल लेकर भौंडसी जेल से वापस आया था। उसे शुक्रवार को वापस जाना था। उसने सुबह परिजनों से कहा था कि वह जेल में नहीं जाना चाहता। जिस पर परिजनों ने उसे समझाया था। उसके बावजूद वह परिजनों को मना कर कमरे में घुस गया था। उसने अंदर जाकर आत्महत्या कर ली थी।
दो बहनों का इकलौता भाई था पंकज
कमरे के अंदर घुसकर आत्महत्या करने वाला पंकज दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है और छोटी बहन उसके माता-पिता के पास रहती है। पंकज के पिता कुलदीप सिंह निजी एंबुलेंस चलाते हैं। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
चार-पांच दिन बाहर रहकर कल आया था घर
पुलिस के अनुसार पंकज पैरोल पर आने के बाद कुछ दिन तक अपने घर रहा था। वहीं चार-चार दिन पहले वह बाहर चला गया था। उसके बाद वह गुरुवार को ही घर आया था। वह इसी दौरान कहीं से पिस्तौल अपने साथ ले आया और सुबह आत्महत्या कर ली।
जेल से पैरोल लेकर इंडियन कॉलोनी में अपने घर आए युवक ने देशी पिस्तौल से आत्महत्या कर ली है। उसके शव का खानपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। युवक के खिलाफ अवैध शस्त्र का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। -सत्यवान, थाना प्रभारी सिटी सोनीपत।