वरिंद्र हत्याकांड के आरोपियों की पेशी
- फोटो : अमर उजाला
पंचकूला के दिल दहला देने वाले हत्याकांड में नया खुलासा हुआ है, सूत्रों के मुताबिक मामले में आरोपियों करे बचाने के लिए अब राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हत्या के मुख्य आरोपी मनमीत उर्फ मोंटी को कानून के चंगुल से बचाने के लिए परिजन एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। यहां तक कि पुलिस पर राजनीतिक दबाव भी बनाया जा रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वरिंद्र मर्डर केस में मोंटी पक्ष की ओर से जिस वकील को चुना जा रहा है वह पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी से ताल्लुक रखता है।
लेकिन अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है कि मोंटी के बचाव पक्ष के लिए कोर्ट में यह केस कौन लड़ रहा है। डीसीपी अनिल कुमार धवन ने मीडिया के सवालों से खुद को घिरता देख सरकारी फोन तक उठाने बंद कर दिए हैं। जब किसी अधिकारिक पुष्टि के लिए डीसीपी बात करने की कोशिश की जाती है तो वह जवाब देने से लगातार बचने की कोशिश में रहते हैं।
वरिंद्र हत्याकांड में शामिल पांच आरोपियों को शुक्रवार को जिला अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान हत्या में शामिल आरोपी तलविंदर, विशाल सैनी, जशनप्रीत, बरमिंदर, मनजोत सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपियों के पास से अब तक 7 हथियार रिकवर किए गए हैं। इसके अलावा आरोपियों के मोबाइल व सिम कार्ड भी जब्त कर लिए गए हैं।
आरोपियों ने हत्या में जो हथियार इस्तेमाल किए थे वह कोर्ट में पेश किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि वरिंद्र की हत्या में 9 लोग शामिल थे। हत्या के 9वें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छानबीन कर रही है। सूत्रों के अुनसार हत्या के 9वें आरोपी की पहचान लांडरा के पास रहने वाले पारा नाम के शख्स के रूप में हुई है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई दोनों स्विफ्ट कार भी रिकवर कर ली हैं।
वरिंद्र की मां बोलीं, बेटे के हत्यारों को फांसी दो
मां बोलीं, बेटे के हत्यारों को फांसी दो
- फोटो : अमर उजाला
वरिंद्र के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाए जाने के लिए शुक्रवार को शालीमार चौक से कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च में भारी संख्या में लोग एकत्रित हुए। इस दौरान वरिंद्र की मां दविंदर कौर ने बेटे के हत्यारों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून आरोपियों को ऐसी सजा दे, कि फिर कभी कोई किसी के घर के चिराग को बुझाने से पहले चार बार सोचे। वरिंद्र की मां आज भी अपने बेटे की हत्या के सदमे से उभर नहीं पाई है। वरिंद्र की मां ने कहा आखिरकार मेरे बेटे ने किसी का क्या बिगाड़ा था।
इनेलो पार्षद को हटाया जाए
वरिंद्र के ममरे भाई अवतार सिंह ने कहा कि आरोपियों की सजा कम कराए जाने को लेकर पुलिस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। जिसके चलते पुलिस इस हत्या को हादसे में बदलने की कोशिश कर रही है। हत्या के मुख्य आरोपी मनमीत उर्फ मोंटी इनेलो पार्षद का बेटा है। इस लहजे से मृतक के मामा निर्मल सिंह ने कहा कि इनेलो पार्षद को तत्काल रूप से पार्षद के पद से हटाया जाए।