सेक्टर-3 पुलिस स्टेशन के बाहर पंजाब पुलिस।
- फोटो : संवाद
चंडीगढ़ में यूटी और पंजाब पुलिस के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस वालों ने पिस्टल तक निकाल ली। मंगलवार शाम को पंजाब पुलिस आरोपी को पकड़ने चंडीगढ़ पहुंची थी, लेकिन जिसे पकड़ने पुलिस पहुंची थी उसे चंडीगढ़ पुलिस की तरफ से सुरक्षा मिली थी। इस वजह से दोनों राज्यों की पुलिस आमने सामने हो गई। दोनों के बीच देर रात तक टकराव की स्थिति बनी रही। सेक्टर-3 पुलिस स्टेशन के बाहर पंजाब पुलिस ने डेरा जमाया हुआ है। वहीं चंडीगढ़ पुलिस के अधिकारी थाने के अंदर हैं और आरोपी भी उनके साथ है।
मामला पंजाब से राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन में हुए फर्जीवाड़े से जुड़ा है। आम आदमी पार्टी के कई विधायकों ने राजस्थान के व्यक्ति पर उनके जाली हस्ताक्षर कर नामांकन दाखिल करने का आरोप लगाते हुए पंजाब पुलिस को शिकायत दी थी। एक दिन पहले पुलिस ने जयपुर के नवनीत चतुर्वेदी के खिलाफ केस दर्ज किया था। मंगलवार को पंजाब पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए चंडीगढ़ पहुंची। आरोपी को लेकर पंजाब व चंडीगढ़ पुलिस आपस में भिड़ गई। घटना चंडीगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सुखना लेक के पास हुई है।
सूत्रों के अनुसार दोनों तरफ से पिस्टल निकली गई। पंजाब पुलिस आरोपी नवीन चतुर्वेदी को गिरफ्तार करने आई थी। लगभग 30 पुलिसकर्मी आए थे, जिनमें पंजाब पुलिस का एसपी भी था। इधर आरोपी के साथ चंडीगढ़ पुलिस के सुरक्षा कर्मी थे। गिरफ्तारी को लेकर चंडीगढ़ और पंजाब पुलिस आपस में भीड़ गई। आरोपी नवीन चतुर्वेदी के खिलाफ पंजाब में अलग-अलग कई केस दर्ज हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस की एसएसपी कंवरजीत कौर भी मौके पर पहुंची और नवीन चतुर्वेदी की गिरफ्तारी नहीं होने दी। पुलिस ने कहा इस समय वह उनकी सुरक्षा में है। सूत्रों ने बताया कि चंडीगढ़ पुलिस के एक अधिकारी की गाड़ी में बिठाकर आरोपी को वहां से सेक्टर-3 पुलिस थाने ले जाया गया। आरोपी थाने में चंडीगढ़ पुलिस के साथ है। पुलिस ने गेट बंद कर लिए हैं। पंजाब पुलिस बाहर खड़ी है। पंजाब पुलिस के कई डीएसपी और एसपी थाने के बाहर पहुंच चुके हैं। पंजाब पुलिस की फोर्स भी थाने के बाहर पहुंच गई है। पंजाब पुलिस की बस में जवानों को लाया गया है। कई एसपी, डीएसपी थाने के चारों तरफ मौजूद हैं।