चंडीगढ़ सेक्टर-22 स्थित होटल डायमंड प्लाजा में बुधवार सुबह साढ़े पांच बजे पंजाब पुलिस के एक सिपाही को उसी की एके-47 से गोली लग गई। गोली पेट में एक तरफ लगी और शरीर से पार हो गई। पुलिस ने घायल सिपाही को पीजीआई में भर्ती कराया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल सिपाही की पहचान गुरदासपुर निवासी दीपक सिंह (25) के रूप में हुई है।
खास बात यह है कि गोली बाथरूम में चली जबकि कमरे में एक अन्य पुलिसकर्मी भी सो रहा था। हैरत की बात है कि उसे गोली चलने की आवाज नहीं सुनाई दी। उधर, पुलिस भी गोली चलने की वजह अब तक समझ नहीं पाई है। सेक्टर-22 चौकी प्रभारी सुरिंदर कुमार ने बताया कि पंजाब पुलिस के सिपाही अंकित और दीपक सिंह गुरदासपुर के एक प्रॉपर्टी डीलर की सुरक्षा में तैनात हैं। मंगलवार रात को प्रॉपर्टी डीलर सिमरजीत सिंह सेक्टर-35 स्थित जेडब्ल्यू मैरियट होटल में रुक गया। इसके बाद दीपक और अंकित रात करीब एक बजे सेक्टर-22 स्थित होटल डायमंड प्लाजा पहुंचे। उन्होंने आईडी प्रूफ दिखाया और होटल के फर्स्ट फ्लोर पर कमरा नंबर 121 में चले गए। दीपक सिविल ड्रेस में था और अंकित वर्दी में था।
होटल रिसेप्शनिस्ट रामदास ने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे होटल के कमरे से शीशा टूटने की आवाज आई। ऐसे लगा जैसे किसी ने पत्थर मारा हो। इसके बाद वह कमरे में गया जहां पुलिसकर्मी की चिल्लाने की आवाज आ रही थी। वह लगातार बेल बजाते रहे लेकिन काफी समय बाद दरवाजा खोला गया। कमरे के बाथरूम में एक पुलिसकर्मी घायल पड़ा था। उसके पेट के साइड में गोली लगी हुई थी। होटल कर्मचारी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घायल चिल्लाता रहा बचाओ-बचाओ, नहीं उठा दूसरा सिपाही
सूत्रों ने बताया कि घायल सिपाही दीपक सिंह बाथरूम में बचाओ-बचाओ चिल्ला रहा था। गोली चलने की आवाज सुनकर होटल कर्मचारी कमरे की बेल बजाते रहे। कई बार बेल बजाने के बाद अंकित ने दरवाजा खोला। सूत्रों ने बताया कि अंकित ने कहा कि उसे यह भी नहीं पता कि गोली कब चली। वह गहरी नींद में था। बाथरूम की कुंडी खुली हुई थी। घटना के समय दीपक सिंह नाइट सूट में था।
दीपक ही बताएगा, उसे गोली कैसे लगी
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पीसीआर ने तुरंत दीपक सिंह को पीजीआई पहुंचाया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस को बाथरूम से एक-47 बरामद हुई। चौकी प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो उसमें दोनों पुलिसकर्मी रात को होटल में आते हुए दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने रजिस्टर में एंट्री करवाई और आईडी देकर कमरे में गए। अधिकारियों का कहना है कि दीपक के बयानों के बाद ही साफ होगा कि आखिर उसे गोली कैसे लगी। हालांकि अभी वह होश में नहीं आया है। वहीं, घटना के बारे में पता चलने के बाद प्रॉपर्टी डीलर भी तुरंत मौके पर पहुंच गया। प्रॉपर्टी डीलर पीजीआई में भी दीपक का इलाज करवाने में मदद कर रहा है।
पेट से होकर बाथरूम में लगी प्लाई से भी हुई पार हो गई गोली
पुलिस ने बताया कि गोली बाथरूम के साथ लगी प्लाई बोर्ड के पार हो गई है। बाथरूम के बाहर प्लाई बोर्ड पर लगा शीशा भी टूट गया। गनीमत रही कि कमरे के बाहर कोई नहीं था नहीं तो किसी और को भी गोली लग सकती थी। सूचना मिलने के बाद एसएसपी कुलदीप चहल, डीएसपी गुरमुख सिंह, थाना प्रभारी ओम प्रकाश और सेक्टर-22 चौकी प्रभारी सुरिंदर कुमार मौके पर पहुंचे। इसके अलावा सीएफएसएल और पुलिस की फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। होटल कर्मचारी के अनुसार जिस समय गोली चली तब होटल में 42 लोग कमरों में रुके हुए थे।
बड़ा सवाल : सिपाही बाथरूम में क्यों लेकर गया एके-47?
सूत्रों ने बताया कि बाथरूम में उल्टी की हुई थी। माना जा रहा है कि दीपक ने ही उल्टी की होगी क्योंकि वही बाथरूम में था और दूसरा कर्मी गहरी नींद में सोया हुआ था लेकिन पुलिस इस बात को लेकर असमंजस में है कि पुलिसकर्मी आखिर बाथरूम में एके-47 क्यों लेकर गया था? पुलिस भी इस सवाल का जवाब ढूंढने में लगी हुई है।
गोली होटल के बाथरूम में चली है। गोली लगने से सिपाही घायल हुआ है। दोनों पुलिसकर्मी गुरदासपुर के एक प्रॉपर्टी डीलर की सुरक्षा में तैनात हैं। मामले की जांच की जा रही है। सिपाही की हालत गंभीर बनी हुई है। -रामगोपाल, डीएसपी