व्यापारी के कर्मचारी से हीरे-जेवरात से भरा बैग लूट मामले में पुलिसकर्मी की गिरफ्तारी के बाद बुधवार देर रात को आरोपी निशान सिंह और सरपंच जयराम को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपी मृतक गैंगस्टर विक्की गौंडर के करीबी थे। अब पुलिस फरार चल रहे दूसरे पुलिसकर्मी बिनोद की तलाश तेज कर दी है।
रविवार रात को व्यापारी का कर्मचारी राजू दिल्ली से ट्रेन के जरिये तीन किलो से अधिक हीरे और जेवरात बैग में लेकर आ रहा था। तभी संगरूर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में दो वर्दीधारी और तीन अन्य लोगों ने बैग लूट लिया था। आरोपी लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद कार से बठिंडा पहुंचे। यहां नार्थ एस्टेट में लगे पुलिस नाके को देखकर आरोपी बैग फेंककर भाग निकले। इस घटना के बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को ट्रेस किया। वारदात में दो पुलिसकर्मी अशीष कुमार और बिनोद कुमार के शामिल होने का खुलासा हुआ। दोनों अबोहर में तैनात थे।
विक्की गौंडर के साथ पढ़ता था आरोपी सरपंच
सूत्रों ने बताया कि मृतक गैंगस्टर विक्की गौंडर के साथ सरपंच जयराम के अच्छे संबंध कॉलेज के समय से थे। विक्की और जयराम जालंधर के एक कॉलेज में साथ पढ़ते थे। सूत्रों ने बताया कि दोनों ही अच्छे खिलाड़ी थे। जयराम फाजिलका जिले के गांव रायपुर का सरपंच है।