बस स्टैंड के समीप चरण सिंह मार्केट में एक फोटो स्टूडियो के मालिक से दो लाख रूपये की चौथ मांगी गई है। वारदात 14 मार्च की है। घटना की जानकारी देते हुए दुकान स्वामी प्रेम के भाई राजेश ने बताया कि उसका भाई प्रेम दुकान पर बैठा हुआ था। इस दौरान शाम करीब 7 बज कर 45 मिनट पर दो युवक आए। उनमें से एक दुकान के बाहर खड़ा हो गया, जबकि दूसरा दुकान के अंदर आया।
शिकायतकर्ता के अनुसार वह युवक प्रेम को केबिन में ले गया और उस पर पिस्तौल तान दी। आरोप है कि युवक ने उससे 2 लाख रूपये मांगे और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। जब प्रेम ने कहा कि उसके पैसे नहीं है तो आरोपी ने उसे पैसे का इंतजाम करने की बात कह कर मौके से चले गए।
प्रेम के भाई राजेश ने बताया कि इस वारदात के बाद आरोपी का 3 से 4 बार दोबारा फोन आया और उसने पैसों की डिमांड की। आरोप है कि धमकी देने वाले व्यक्ति ने उसे कहा कि उसने दो दिन बाद अंदर तो जाना ही है, पैसे नहीं मिले तो एक और वारदात करके अंदर जाऊंगा। इस वारदात के खौफ के चलते दो दिन तक दुकानदार ने दुकान नहीं खोली। आज उसने हिम्मत जुटाते हुए आस-पास के दुकानदारों को एकत्रित किया व सिटी थाना में शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।