सदर पुलिस को बीती रात पठानकोट-अमृतसर नेशनल हाईवे पर झाकोलाड़ी के पास एक अज्ञात आई-20 कार मिली। लंबे समय तक कार का मालिक नहीं आया तो पुलिस ने जांच शुरू की। इसमें सामने आया कि उक्त कार 28 अक्तूबर को बटाला के हरचोवाल से छीनी गई थी। थाना हरगोबिंद सिंह में मामला दर्ज हुआ है। उक्त कार गांव घोड़ेवाह निवासी व्यक्ति की है। हालांकि, कार लूटने वालों ने कार का नंबर बदला हुआ था। आगे-पीछे की नंबर प्लेट को शातिर तरीके से बदला गया है। कार के आगे पीबी10जीजे6781 और पीछे पीबी10जीएल6781 लगाया गया है। इसमें सिर्फ बीच में ‘जी’ के बाद ‘जे’ और ‘एल’ का ही अंतर रखा गया है। पुलिस इसे भी धमाके में भूमिका के एंगल से जोड़कर खंगाल रही है।
स्थानीय पुलिस, सीआईडी और काउंटर इंटेलिजेंस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है। ग्रेनेड से हमला किया गया है तो इसमें आतंकी कनेक्शन हो सकता है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। सुबूत जुटाए जा रहे हैं। तथ्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। - गुलनीत सिंह खुराना, एआईजी, काउंटर इंटेलिजेंस।
पंजाब में पिछले दिनों हुए हमलों में इस्तेमाल ग्रेनेड और पठानकोट में मिले स्क्रेप की कई डिटेल्स आपस में मेल खाती हैं। यह आतंकी हमला है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रहे हैं। हमारे पास कई स्थानों की सीसीटीवी फुटेज आई है और पूरी उम्मीद है कि जल्द मामले को सुलझा लिया जाएगा। - सुरिंदर लांबा, एसएसपी, पठानकोट।